अलवर ! जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पलखड़ी में पारिवारिक विवाद के चलते एक ही परिवार के लोगों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि चाचा-ताऊ समेत कई लोगों ने अचानक परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अलवर के जिल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित बुड़ो खां ने बताया कि वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान उसके चाचा तब्बू, ताऊ नूरुद्दीन, जाखड़, अथर, तिलो और अन्य लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी लोगों ने अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई और परिवार के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मारपीट में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर परिजन घायलों को तुरंत उपचार के लिए अलवर के जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार कर भर्ती कर लिया। डॉक्टरों के अनुसार घायलों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं और उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान लिए जा रहे हैं तथा मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार के बीच कहासुनी के बाद अचानक मामला हिंसक हो गया। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

