अलवर 16 मई। चीन के हेनान प्रांत में 9 से 15 मई तक आयोजित एशियन पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में भारतीय टीम के 17 सदस्य शामिल हुए, जिनमें राजस्थान के दो खिलाड़ियों ने विशेष उपलब्धि हासिल की।अलवर के जितेंद्र शर्मा हल्दीना ने 120 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक जीता, वहीं डीग के योगेंद्र सोगरवाल ने 93 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार सफलता प्राप्त कर भारत का नाम रोशन किया। दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए प्रदेश और देश का सम्मान बढ़ाया।खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय कठोर मेहनत और कोच के मार्गदर्शन को दिया। दोनों का सपना आगामी ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम और ऊंचा करना है।इस उपलब्धि पर खेल जगत एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। जेलदार राम शर्मा, दीपक शर्मा बानसूर (अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी), हरविंदर सिंह, शहजाद खान, भारत भूषण गुलाटी, राहुल शर्मा और पवन यादव सहित कई लोगों ने खुशी व्यक्त की।अलवर में 18 मई को खिलाड़ियों के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा।

