अलवर। नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने मोती डूंगरी स्थित कार्यालय पर शनिवार को जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं को समझने और उनका समाधान करने का प्रभावी माध्यम है।
जनसुनवाई के दौरान जूली ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान किया। कुछ मामलों में समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सबसे ज्यादा सड़कों, पेयजल व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।

भाजपा राज में अरावली और सरिस्का पर मंडरा रहा खतरा
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राज में खनन माफिया को संरक्षण दिया जा रहा है जिससे अरावली पर्वतमाला श्रृंखला और सरिस्का पर खतरा मंडरा रहा है।
जूली बोले सीटीएच बड़े खतरे का संकेत, जिसे भाजपा के नेता लाने की तैयारी कर रहे है, लेकिन विपक्ष इनके ऐसे मंसूबों को किसी भी हालात में कामयाब नहीं होने देगा।
फाइलों के शोर में खोई है भाजपा सरकार, जनता के कार्यों के लिए दिल्ली से लेकर जयपुर तक सन्नाटा
जूली बोले भारतीय जनता पार्टी की सरकार दिल्ली से लेकर जयपुर तक आमजन के मुद्दों पर सिर्फ फाइलें बदल रही है जब कि धरातल पर केवल सन्नाटा पसरा हुआ है।
उन्होंने कहा कि मीटिंगों का अंबार लगा है, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की घंटियां बज रही हैं लेकिन आम आदमी की समस्याएं वहीं की वहीं खड़ी है।

पेयजल तो उपलब्ध नहीं करा पा रहे बल्कि कर रहे मुकदमे दर्ज
जूली ने कहा कि सरकार चाहे किसी भी पार्टी को हो लेकिन आमजन की मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखना अति आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय ईआरसीपी का मेगा प्रोजेक्ट दिखाने में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने कोई कसर नहीं छोड़ी लेकिन अब वह कहीं नजर ही नहीं आ रहा,यहां तक कि जो लोग पीने का पानी मांग रहे हैं उन्हें पानी तो उपलब्ध नहीं हो रहा बल्कि उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किया जा रहे हैं।
राजस्थान सरकार हर मोर्चे पर विफल बेपटरी हुई सारी व्यवस्थाएं
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राजस्थान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। प्रदेश में सारी व्यवस्थाएं बेपटरी हो गई हैं जहां महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़कर रख दी है, वहीं पेट्रोल, डीजल, सिलेंडर के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो गई है।
राजस्थान में मुख्यमंत्री नहीं बल्कि रील मंत्री कर रहे हैं काम
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राजस्थान प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री नहीं है बल्कि रील मंत्री के रूप में काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सीएम पीआर एजेंसी की गाइडलाइन को फॉलो कर जनता के दुख दर्द को भूल गए है।
कानून का इकबाल खत्म, प्रदेश में बनी गुंडाराज जैसी स्थिति
जूली ने कहा कि राजस्थान प्रदेश में कानून का इकबाल खत्म हो गया है प्रदेश में गुंडाराज जैसी स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि खुद मुख्यमंत्री के गृह जिले में लोग सुरक्षित नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की शरण में माफियाओं का बोलबाला बढ़ा है।

